

वर्तमान समय में हरिद्वार जिले में बारिश के कारण शहर के अंदर जलभराव हो रहा है और हरिद्वार जिले के लक्सर घाट क्षेत्र में गंगा, सोलानी और बाणगंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होने के कारण मगरमच्छ पानी के बहाव में बहकर तटीय इलाकों में बसे गांवों के समीप पहुंच रहे हैं। आबादी क्षेत्र तक पहुंच रहे मगरमच्छो को पकड़ने के लिए वन विभाग ने रुड़की और लक्सर में 25 कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें तैनात की हैं। सभी टीमें 24 घंटे क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही हैं। इस सीजन में पिछले 15 दिनों के अंदर ही 12 मगरमच्छ नदी में छोड़े जा चुके हैं। वर्षा काल के दौरान पानी के तेज प्रभाव के साथ यह मगरमच्छ तटीय इलाकों में किनारे पर आ जाते हैं मगर जब जलस्तर कम होता है तो वापस नहीं जा पाते और अपना डेरा वही जमा लेते हैं पिछले 15 दिनों में कर्मचारियों की टीम ने 12 मगरमच्छ पकड़े हैं। हरिद्वार वन प्रभाग के उप वनरक्षक नीरज शर्मा के मुताबिक वर्षा काल में मगरमच्छ आबादी के क्षेत्र में घुसकर किसी को नुकसान ना पहुंचाएं इसलिए वहां पर वन विभाग की टीम को तैनात किया गया है।

