हरिद्वार:-युवक की संदिग्ध मौत के बाद उसके चार साथियों के खिलाफ दर्ज किया गया हत्या का मुकदमा…… 15 दिन बाद बरामद हुआ शव

उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार से काफी सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें कि 15 दिन बाद हरिद्वार से युवक का शव बरामद हुआ था और युवक की संदिग्ध मौत के मामले ने पुलिस ने उसी के चार दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बता दे कि बीते 10 अक्टूबर को लक्कड़ घाट खतदरी ऋषिकेश निवासी 32 वर्षीय सूरजपाल पुत्र ओम प्रकाश अपने दोस्तों के साथ गंगा तट पर घूमने गया था जहां से कुछ देर बाद सूरजपाल के दोस्तों ने उसके घर फोन करके जानकारी दी कि वह अचानक गायब हो गया है।

परिवार वाले और पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर देखा तो सूरजपाल की चप्पल व कपड़े गंगा तट पर मिले थे। इस मामले में परिवार वालों का शुरुआती शक सूरजपाल के दोस्तों पर गया तथा उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। हरिद्वार पुलिस ने 25 अक्टूबर को कनखल के समीप गंगा से शव बरामद किया था जिसकी शिनाख्त 27 अक्टूबर को हुई। शव की स्थिति देखकर स्वजनों ने सूरजपाल की हत्या की आशंका जताते हुए उसके दोस्तों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। इस मामले में परिवार वालों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने सूरजपाल के चार दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।