
वर्तमान समय में टमाटर के साथ साथ उत्तराखंड राज्य में अन्य सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं और फूल गोभी, शिमला मिर्च, बीन जैसी सब्जियों के दाम ₹100 से भी ऊपर पहुंच गए हैं। बता दें कि सब्जियों के दामों को नियंत्रित करने के लिए अनुश्रवण समिति हर सुबह रेट लिस्ट जारी करती है लेकिन बाजार में इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। क्योंकि कुछ सब्जियां रेट लिस्ट से कम में बिक रही है तो कुछ दुगने दामों में बेची जा रही हैं। कुछ दुकानदारों के पास तो समिति द्वारा जारी की गई रेट लिस्ट की जानकारी तक नहीं है जिसके कारण आम लोगों में असमंजस की स्थिति है। मंडी की ओर से फुटकर व्यापारियों के लिए जारी की गई रेट लिस्ट उन तक नहीं पहुंच पा रही है जिसके कारण व्यापारी अपने मनमाने दामों पर सब्जियां बेच रहे हैं। अनुश्रवण समिति के अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की ड्यूटी अन्य कार्यों में लगा दी गई है और वह जब खाली होते हैं तब दुकान जाकर रेट लिस्ट देते हैं। इस कारण सभी तक रेट लिस्ट नहीं पहुंच पाती और व्यापारी मनमाने दामों पर सब्जियां बेचते हैं। सब्जियों के दाम काफी बढ़ चुके हैं। आलू 20 से ₹24 किलो बिक रहा है। प्याज ₹30 किलो, लौकी ₹40 किलो, टमाटर ₹110 किलो बिक रहा है।

