
उत्तराखंड राज्य के हल्द्वानी में स्थित एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारियों के मध्य मनमुटाव चल रहा है और बीते सोमवार को वार्षिक महोत्सव के दौरान इनके मध्य काफी विवाद हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ धन सिंह रावत के सामने छात्रों ने जमकर हंगामा किया और इस बीच परिषद कार्यकर्ता तथा छात्रसंघ अध्यक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई। विरोध कर रहे छात्रों ने परिसर में लगे समारोह के बैनर और पोस्टर भी फाड़ दिए। पुलिस ने काफी मुश्किल से माहौल संभाला। एमबीपीजी कॉलेज सभागार में बीते सोमवार को समारोह शुरू हो चुका था और मंच पर प्रोफेसर एनएस कोटि का भाषण चल रहा था तथा मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री, कुमाऊं आईजी नीलेश आनंद भरणे समेत तमाम लोग वहां पर बैठे हुए थे। इसी बीच छात्र संघ उपाध्यक्ष गौरव और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने परिसर में छात्रसंघ पदाधिकारियों की ओर से लगाए गए पोस्टरो का विरोध करना शुरू कर दिया। छात्र संघ के अन्य पदाधिकारियों पर आरोप लगाया गया है कि वार्षिकोत्सव को छात्र संघ समारोह का रूप दे दिया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री के सामने यह घटना घटी। इस हंगामे से कॉलेज के प्राध्यापकों और सुरक्षाकर्मियों में खलबली मच गई तथा पुलिसकर्मियों ने छात्रसंघ अध्यक्ष और अन्य विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास भी किया।

