ईडी ऑफिस को सरकार ने बना दिया भाजपा कार्यालय:- हरीश रावत

देहरादून| पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने ईडी के ऑफिस को भाजपा का ऑफिस बताया है| शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री संभल के चौधरी सराय और दीपा सराय में निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे| उन्होंने सरकार पर सीधा निशाना साधा और अग्निपथ योजना को नौजवानों के लिए धोखा बताया है|
मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस महंगाई की मार की आवाज उठाती है इसलिए ईडी के माध्यम से राहुल गांधी का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है| लेकिन, वह मनोबल तोड़ नहीं पाएंगे| आगे उन्होंने कहा कि ईडी का ऑफिस भाजपा का ऑफिस है| जो कोई भी सरकार से सवाल करेगा उसके यहां आईडी की कार्यवाही हो जाएगी| भाजपा सरकार ने अन्य संस्थानों का भी गलत इस्तेमाल किया है|अग्नीपथ स्कीम नौजवानों के साथ एक धोखा है और सरकार ने नौजवानों के सपने तोड़ने का काम किया है| जो नौजवान कई वर्षों तक मेहनत करता है और सेना में भर्ती होने का सपना संजोए रखता है वह 4 साल के करार पर सेना में जाएगा उसके बाद उसका भविष्य क्या होगा|
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से पूछा गया कि अग्निपथ स्कीम के विरोध में हिंसा हो रही है| इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हिंसा करना ठीक नहीं है|, लेकिन नौजवानों के सपनों का सरकार को ख्याल रखना चाहिए और महंगाई कम करनी चाहिए| जिससे आम आदमी को परेशानी न झेलनी पड़े| इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उत्तराखंड के कई नेता भी थे|