गरुड़:- घर के अंदर घुसकर बंदर ने वृद्ध महिला पर किया हमला- एक सप्ताह के भीतर मटेना गांव में घटी दूसरी घटना, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

गरुड़। घर के अंदर घुसकर बंदर ने एक वृद्ध महिला को काट दिया। इस घटना से ग्रामीणों में तीव्र आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर बंदरों को पकड़ने व प्रभावित को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत मटेना निवासी पार्वती देवी पत्नी केवलानंद खोलिया उम्र 64 वर्ष अपने घर में काम कर रही थी। तभी बंदरों का झुंड उनके आंगन में आ धमका। एक बंदर उनके घर के अंदर घुस गया और उन पर हमला कर उनके गाल व सिर में काट दिया। जिससे वह घायल हो गई। स्वजन उन्हें सीएचसी बैजनाथ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी है। सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर बड़सीला ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर बंदर के काटने की यह मटेना गांव में दूसरी घटना है। कुछ दिन पूर्व बंदरों ने आंगन में 61 वर्षीय नवीन चंद्र जोशी पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस घटना से ग्रामीण आक्रोशित हैं। मटेना की क्षेपंस भगवती खुल्बे, ग्राम प्रधान नीमा जोशी, हेम चंद्र पांडे, ख्याली दत्त जोशी, फकीरा दत्त बिष्ट आदि ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों की समस्या से निजात दिलाए जाने और प्रभावित को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इधर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह गुसाई ने बताया कि चिकित्सक की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित को मुआवजा दिया जाएगा।

Leave a Reply