
उत्तराखंड में इन दिनों सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे बेरोजगार युवा काफी परेशान है| लगातार भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधलियों ने उन्हें हताश कर दिया है| अब एक अच्छी खबर युवाओं के लिए सामने आ रही है| जिसके अनुसार अगले 5 साल में उनके सामने हजारों सरकारी नौकरियों के अवसर मिलेंगे|
मिली जानकारी के अनुसार, अगले 5 साल में प्रदेश सरकार के कई विभागों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 23,724 कर्मचारी रिटायर हो जाएंगे| यह पूर्वानुमान वित्त विभाग के कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशालय ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों का तैयार किया है|
जिसके मुताबिक 2057 तक प्रदेश के सरकारी विभागों से 64,487 कर्मचारी रिटायर हो जाएंगे| इसमें सबसे अधिक 41,319 कर्मचारी समूह ग श्रेणी के होंगे जबकि समूह घ के 17,130 कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति होगी|
प्राप्त सूचना के मुताबिक, 2023 में 5,431 कर्मचारी रिटायर होंगे| इसमें सबसे अधिक 3,327 पद समूहों ग श्रेणी के हैं, जबकि समूह घ के 1,291 पद हैं|
समूह घ के पदों को आउटसोर्स से भरने की नीति सरकार द्वारा बनाई गई है, लेकिन प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी के खाली पदों को सीधी भर्ती परीक्षा से भरा जाएगा| 2023 में 186 प्रथम और 582 द्वितीय श्रेणी के कर्मचारी सेवानिवृत्त होंगे|
इसके अलावा बता दें कि 11 साल बाद सरकारी नौकरियों में रिटायर होने वाले कर्मियों की संख्या में अचानक कमी आने शुरू होगी| वर्ष 2034 में 2,703 कर्मचारी रिटायर होंगे, जबकि 2043 में यह संख्या घटकर 588 रह जाएगी| धीरे-धीरे एक समय ऐसा आएगा कि सरकारी विभागों में साल में एक कर्मचारी रिटायर होगा| यह समय होगा 2049 के बाद का| तक सरकारी नौकरियों के अवसर बेहद कम रह जाएंगे|
