किसके लिए सजेगा रायसीना हिल्स, शाम 4 बजे मिल जाएगा देश को अगला राष्ट्रपति

नए राष्ट्रपति के लिए वोटों की गिनती 11 बजे से शुरू हो गई है। गिनती संसद भवन के फर्स्ट फ्लोर पर कमरा नंबर 63 में चल रही है। द्रौपदी मुर्मू या यशवंत सिन्हा में से देश का अगला राष्ट्रपति कौन बनने जा रहा है? इस सवाल का जवाब देश को अगले कुछ घंटों में मिल जाएगा। हालांकि आंकड़ों के लिहाज से यह तय माना जा रहा है कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ही चुनाव जीतेंगी।
संसद भवन के रूम नंबर 63 में वोटों की गिनती चल रही है। संसद का यह कमरा आज बेहद खास है। इसी कमरे से देश के अगले राष्ट्रपति की खबर आएगी। सुबह के 11 बजते ही संसद भवन के कमरा नंबर 63 में गहमागमही शुरू हो गई थी। वोटों को गिनने के लिए एक लंबी मेज पर छोटी-छोटी टोकरियां रखी गई हैं। चूंकि हर मत की वैल्यू अलग होती है, इसलिए इन टोकरियों के जरिए उन्हें अलग-अलग अलग कैटिगरी में बांटा जाएगा। अलग-अलग राज्यों से आईं मतपेटियों से वोटों को निकालकर उन्हें दो ट्रे में रखा जा रहा है। एक ट्रे एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू, तो दूसरी ट्रे विपक्षी यूपीए उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के नाम की है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए बनाए गए रिटर्निंग अधिकारी, राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी इन मतपत्रों की जांच करेंगे। इसके बाद द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा के पक्ष में पड़े वोटों को अलग किया जाएगा। इस तरह सभी सांसदों, विधायकों के वोटों को अलग-अलग बांटा जाएगा। इसके बाद मतमूल्य के हिसाब से इन वोटों को गिना जाएगा। यह चुनावी राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी की निगरानी में हो रहा है। उन्हें रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। जिस टेबल पर वोटों की गिनती चल रही है, ठीक उसी के उनकी भी टेबल लगी है। इसके साथ ही आज संसद भवन के इसे बेहद खास कमरे में दोनों उम्मीदवारों के दो प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। वोटों की गिनती के लिए पांच बजे तक का समय तय है, लेकिन चार बजे तक रिजल्ट आने की उम्मीद है।