
भारत स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काफी आगे पहुंच गया है। बता दें कि पहली बार भारत में जिला स्तरीय सरकारी अस्पताल में किडनी का ट्रांसप्लांट किया गया है और केरल ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 50 साल की महिला ने अपने 28 वर्षीय बेटे को किडनी दान की है और किडनी ट्रांसप्लांट के लिए रविवार को एर्नाकुलम के जनरल अस्पताल में सफल सर्जरी हुई। सर्जरी के बाद दोनों की हालत में सुधार हो रहा है। राज्य सरकार का दावा है कि यह पहली बार है जब भारत में जिला स्तर के किसी सरकारी अस्पताल में अंग प्रत्यारोपण सर्जरी की गई है। इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा डॉक्टर और कर्मचारियों को बधाई दी गई। बता दें कि सर्जरी सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में हुई जहां 50 लाख रुपए से अधिक की आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी और केरल के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन ने हाल ही में जनरल अस्पताल को पंजीकरण और प्रमाणन प्रदान किया है।

