
देहरादून| ‘अपात्र का ना-पात्र का हा’ अभियान के तहत अपना राशन कार्ड सरेंडर करने वाले लोगों को भी सरकार सम्मान करेगी| इसके साथ ही खाद्य अधिकारियों को सरेंडर हुए राशन कार्ड के स्थान पर नए पात्र लोगों के कार्ड बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं| 5 मई से 30 जून तक चल रहे इस अभियान में 91 हजार से ज्यादा लोगों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर कराए है|
राशन कार्ड सरेंडर करने वालों को लेकर खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार का मानना है कि एक अपील पर लोगों ने खुद आगे आते हुए अपने राशन कार्ड सरेंडर कराएं है| लोगों के इस फैसले की वजह से प्रदेश के हजारों वास्तविक पात्र लोगों को निशुल्क और रियायती अनाज की योजना का लाभ मिल सकेगा| कार्ड सरेंडर करने वाले लोगों को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वह किसी प्रकार के अपराधी हैं| बल्कि, उन्होंने अच्छा निर्णय लिया है| कार्ड सरेंडर के फैसले के लिए उन्हें सम्मानित करने पर विचार किया जा रहा है| बकौल रेखा आर्य मेरा व्यक्तिगत रूप से प्रयास होगा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतीक रूप में सम्मान स्वरूप एक-एक शाॅल भी दिया जाए| अधिकारियों को पात्र लोगों को चिन्हित करते हुए उनके राशन कार्ड बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं| नया कार्ड उसी क्षेत्र में बनेगा जिस क्षेत्र में पुराना कार सरेंडर कराया गया है|


