
दिल्ली से नैनीताल घूमने के लिए पहुंची एक महिला पर्यटक का टैक्सी के किराए के चक्कर में चालक से विवाद हो गया| आरोप है की टैक्सी चालक ने महिला सैलानी के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि विरोध करने पर मारपीट भी की|
दरअसल, दिल्ली से महिला पर्यटकों का दल नैनीताल घूमने आया हुआ था| पांच दिवसीय भ्रमण के बाद यह दल बुधवार सुबह वापसी के लिए तल्लीताल पहुंचा| महिला सैलानियों ने यहां एक टैक्सी बुक कराई| टैक्सी के किराए को लेकर टैक्सी चालक को महिला पर्यटकों में विवाद शुरू हो गया| आरोप है की टैक्सी चालक ने महिला के साथ अभद्रता और मारपीट भी की|
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची| हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही टैक्सी चालक वाहन छोड़कर भाग गया|
पुलिस ने महिला सैलानियों को दूसरे वाहन से काठगोदाम रवाना किया|
एसपी क्राइम व यातायात डॉ.जगदीश चंद्र के मुताबिक, आरोपी टैक्सी चालक की खोजबीन की जा रही है| पुलिस ने टैक्सी चालक और गाइड से शहर में आने वाले पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की अपील की है|
साथ ही चेतावनी भी दी है कि भविष्य में शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी| पर्यटकों से टैक्सी चालकों को व गाइड को रोजगार मिलता है| पिछले कुछ समय से पर्यटक कई बार टैक्सी चालकों व गाइडों पर आरोप लगा चुके हैं|
