नैनीताल बैंक के निजीकरण के विरोध में एकजुट हुए कर्मचारी, उठाई यह मांग

हल्द्वानी| बीते दिवस नैनीताल बैंक के निजीकरण के विरोध में नैनीताल बैंक यूनियन फोरम के बैनर तले हल्द्वानी में आयोजित अधिवेशन में 5 राज्यों से 1100 कर्मचारी पहुंचे|


जिसमें बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से निकाली गई निविदा को तत्काल निरस्त करने और लोकसभा की याचिका समिति की सिफारिश को लागू करने की मांग की गई|
इस दौरान रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा नैनीताल बैंक उत्तराखंड की धरोहर है, इसे बचाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे| इस मामले में वह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलेंगे और नैनीताल बैंक को निजी हाथों में न देकर बैंक ऑफ बड़ौदा में विलय के लिए निवेदन करेंगे|
इसी दौरान सीएम के प्रतिनिधि ध्रुव रौतेला ने कहा मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर गंभीर है और केंद्र सरकार से पत्राचार भी किया है| बैंक का निजीकरण न हो इसके लिए केंद्रीय वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री से वार्ता करेंगे|
नैनीताल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर कन्याल ने कहा नैनीताल बैंक 50 वर्षों से लाभ अर्जित करने वाला संस्थान है और बैंक ऑफ बड़ौदा को औसतन 22% लाभांश देता रहा है| नैनीताल बैंक के निजीकरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा|