मतदान के बाद भी उत्तराखंड में बना है चुनावी माहौल…….. भाजपा, कांग्रेस के बीच अभी भी बनी हैं चुनावी गहमागहमी

उत्तराखंड राज्य में बीते 14 फरवरी 2022 को मतदान हो चुके हैं मगर अभी भी राजनीतिक दलों में चुनावी गहमागहमी बनी हुई है। जहां एक तरफ कांग्रेस अपनी जीत के दावे कर रही है वहीं दूसरी तरफ भाजपा भी कांग्रेस पर जमकर निशाने साध रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान का कहना है, कि कांग्रेस अपनी हार का अंदेशा लगाकर बौखलाई हुई है इसलिए परिणामों से पहले ही अपनी जीत का जश्न मना रही है। जनता से हजार वादे करने वाली कांग्रेस अब धीरे-धीरे करके अपने वादों से मुकर रही हैं पहले जहां कांग्रेस ने एलपीजी सिलेंडर 500 में देने का वादा किया था अब कांग्रेस का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर सबको नहीं बल्कि बीपीएल श्रेणी के लोगों को ही ₹500 में मिल पाएगा। कांग्रेस अब जनता को बरगलाने का काम कर रही है तथा धीरे-धीरे कांग्रेस से झूठ की कलाई उतर रही है।

साथ में मनवीर सिंह चौहान का यह भी कहना है, कि राज्य में तो चुनाव हो गए हैं मगर कांग्रेस अभी भी चुनावी मोड में है और परिणाम आने के 10 से 12 दिन बाद भी कांग्रेस का यही हाल रहेगा। उनका कहना है कि कांग्रेस ने अपनी हार का अंदेशा पहले ही लगा रखा है और अब कांग्रेस भाजपा को लेकर गलत संदेश फैलाकर जनता के सामने भाजपा के खिलाफ षड्यंत्र कर रही हैं और अपनी सारी खुंदक परिणामों से पहले ही निकाल रही हैं। इस प्रकार उत्तराखंड में चुनाव के बाद भी चुनावी माहौल ही बना हुआ है।