एक हफ्ते से पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण महिलाओं में आक्रोश, कहा- ‘पानी नहीं तो बिल नहीं’

रानीखेत(अल्मोड़ा)| चिलियानौला पालिका क्षेत्र में 1 हफ्ते से पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण महिलाओं में आक्रोश है| महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया और इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पानी नहीं मिला तो वह बिल भी नहीं देंगे|


पेयजल समस्या का सामना कर रही महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया| उन्होंने कहा है कि जल्द पेयजल वितरण व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो बिलों का भुगतान भी नहीं किया जाएगा|
बताते चलें कि पिछली 1 हफ्ते से चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है| इसी कारण महिलाओं ने कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की|
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को सूचना दी गई| होली के दिन भी कई क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचा| जिस कारण लोगों को घरों के काम करने में दिक्कत हुई| पेयजल वितरण में हमेशा मनमानी बरती जाती है| विभाग की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है| यहां दो-दो पेयजल योजनाएं संचालित है|
उन्होंने कहा कि मांग के बावजूद आज तक मीटर नहीं लगाए गए हैं| महीने में 15 दिन भी पानी नहीं आता है और बिल पूरे महीने का लिया जाता है| महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक पेयजल वितरण व्यवस्था ठीक नहीं होगी तब तक बिलों का भुगतान नहीं किया जाएगा|