चारधाम यात्रा -: बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों में भी यात्रा को लेकर उत्साह, 33 लाख यात्रियों में 93 हजार से ज्यादा बच्चे

चारधाम यात्रा को लेकर इस बार बच्चों में खूब उत्साह देखने को मिल रहा है| इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 10 साल तक आयु के 93,500 बच्चों ने परिजनों के साथ धाम के दर्शन किए| जिससे पता चलता है कि बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों में भी चारधाम यात्रा को लेकर उत्साह है|


पर्यटन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 22 अप्रैल से 30 जून तक केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 33 लाख पार हो गया है, जबकि पंजीकरण करने वालों की संख्या 50 लाख से अधिक पहुंच गई है|
एक तरफ जहां मौसम चुनौती बना हुआ है, इसके बावजूद भी आस्था के आगे श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुक रहे हैं| 22 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा को सवा 2 महीने पूरे होने वाले हैं| अब तक चारों धामों में दर्शन करने वालों में युवाओं की संख्या अधिक रही| 20 से 40 आयु के 15 लाख से अधिक युवा यात्रियों ने दर्शन किए, जबकि 50 साल से ऊपर के 13 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं|
बता दें यात्रा में 107 देशों के 43 हजार विदेशी यात्री भी केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन कर चुके हैं| इसमें सबसे ज्यादा यात्री नेपाल, यूएसए, मलेशिया से आए हैं|
जबकि भारत के राज्यों में महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा यात्री आए हैं| साथ ही यूपी, एमपी, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी बंगाल, आंध्र प्रदेश और बिहार से भी अधिक संख्या में श्रद्धालु चार धाम यात्रा पर आए हैं|
केदारनाथ के दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 10,94,671 है, जबकि बद्रीनाथ में 9,99,640, गंगोत्री में 5,84,112, यमुनोत्री में 4,97,295 है| जबकि हेमकुंड साहिब में 1,12,845 यात्री दर्शन के लिए पहुंचे हैं|