चारधाम यात्रा 2023 की तैयारियां जोरों पर है| बीते 6 दिनों में 1.27 लाख यात्री पंजीकरण करा चुके हैं| जिसमें केदारनाथ धाम के लिए 70 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है|
बता दें कि इस बार पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 2 माह पहले ही पंजीकरण शुरू किया है| 21 फरवरी से केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्री अपना पंजीकरण कर रहे हैं| अभी गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित नहीं हुई है| कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के बाद इन धामों के लिए भी पंजीकरण शुरू किया जाएगा|
चारधाम यात्रा पर दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग इस बार शहर में 7 भाषाओं में साइनबोर्ड लगाएगा| इस संबंध में जिला पर्यटन अधिकारी ने गढ़वाल आयुक्त को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है| पहले चरण में 50 साइनबोर्ड लगाए जाएंगे|
दरअसल, चारधाम यात्रा में गुजरात, महाराष्ट्र आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, पंजाब आदि राज्यों से यात्री आते हैं| यात्रियों की सुविधा के लिए जानकारी वाले साइनबोर्ड हिंदी व अंग्रेजी में लिखे रहते हैं| इससे दक्षिण भारत के लोग यात्रा संबंधी गाइडलाइन नहीं पढ़ पाते| इसी कारण पर्यटन विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है|
पंजीकरण काउंटरों के पास और शहर के भीड़ वाले स्थानों पर यह साइन बोर्ड लगाए जाएंगे| यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार तमिल, तेलुगू, उड़िया, गुजराती और बंगाली में भी साइनबोर्ड लगाए जाएंगे|