
उत्तराखंड राज्य में इस साल यानी कि 2023 में होने वाली बोर्ड परीक्षा का पैटर्न बदला गया है। बता दें कि परीक्षा के प्रश्न पत्र में बोर्ड ने कुछ बदलाव किया है तथा इस बदलाव से बच्चों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए परिषद ने पहले ही शिक्षकों तथा परीक्षार्थियों को समझाने के लिए प्रश्न पत्रों के सैंपल बनाकर अपलोड कर दिए हैं। प्रश्न पत्रों का पैटर्न बदलते हुए अंको के विभाजन में भी काफी बदलाव किया गया है। इससे पहले बोर्ड परीक्षा में कई प्रश्न पत्र 100 नंबर के होते थे मगर अब परिषद ने कुछ विषयों में 80 नंबर की लिखित व 20 नंबर की प्रयोगात्मक परीक्षा कर दी है और अंको का विभाजन भी अलग तरीके से किया गया है। इस मामले में परिषद की सचिव डॉ नीता तिवारी द्वारा कहा गया कि परीक्षा के प्रश्न पत्रों में बदलाव किया गया है और हाई स्कूल तथा इंटर के प्रत्येक विषय के सैंपल पेपर भी अपलोड कर दिए गए हैं ताकि शिक्षकों और परीक्षार्थियों को समझ आए कि कैसे प्रश्न पत्र का प्रारूप तैयार किया गया है और उसी हिसाब से विद्यार्थियों तथा विद्यालयों को परीक्षा की तैयारी करनी होगी। सैंपल के तौर पर प्रश्नपत्र विभाग की वेबसाइट में अपलोड किए जा रहे हैं।

