![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0064.jpg)
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा आज दिनांक 28 सितंबर 2022 को बुधवार के दिन कैबिनेट में अनेक फैसले लिए गए हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना स्कीम को आगामी 3 महीनों के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है। इस स्कीम के तहत देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन मिलेगा। देश में मुफ्त राशन योजना आगामी 30 सितंबर 2022 को खत्म होने वाली थी लेकिन कैबिनेट द्वारा तीन महीनों के लिए इसकी अवधि को बढ़ा दिया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा कहा गया है कि कैबिनेट के फैसले में मुफ्त राशन की योजना को 3 महीने के लिए बढ़ा दिया गया है तथा इस योजना में विस्तार के बाद इसमें आने वाली लागत लगभग 44,700 करोड़ रुपए आंकी गई है। बता दें कि इस योजना को कोरोना काल के दौरान मार्च 2020 में लांच किया गया था जिसके बाद यह योजना निरंतर जारी है। इसके तहत बीपीएल कैटेगरी वाले परिवारों को मुफ्त राशन दिया जाता है तथा प्रति व्यक्ति को हर माह 4 किलो गेहूं और 1 किलो चावल दिया जाता है।
साल 2020 के बाद इस योजना में कई बार विस्तार हो चुका है और इस साल 2022 में भी इस योजना को 6 माह के लिए यानी कि अप्रैल से सितंबर तक बढ़ाया गया था तथा अब इसे 3 महीने के लिए यानी कि दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा भी कैबिनेट में कई अहम फैसले लिए गए हैं। जैसे- केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशन भोगियों के लिए महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। उनका महंगाई भत्ता 4 फ़ीसदी तक बढ़ाने का फैसला कैबिनेट में लिया गया है। छत्रपति शिवाजी और अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास हेतु दस हजार करोड़ रुपए की राशि का आवंटन किया गया है। इसके बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बताया गया है। इसके अलावा 199 रेलवे स्टेशनो के पुनर्निर्माण का कार्य वर्तमान समय में चल रहा है तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, सीएसएमटी रेलवे स्टेशन, अहमदाबाद रेलवे स्टेशन समेत कुल ऐसे 199 स्टेशन है जिनके पुनर्विकास में 60,000 करोड़ रुपये की लागत आयेगी।
![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0065.jpg)