सावधान -: गैस चूल्हा सर्विसिंग के नाम पर हो रही ठगी, आप न बने शिकार

बागेश्वर| जनपद के विभिन्न गांव में इंडेन गैस के कर्मचारी बनकर गैस चूल्हों की जांच के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ ठगी के मामले सामने आ रहे हैं| चूल्हा सर्विसिंग के नाम गिरोह के लोग गैस चूल्हे के साथ छेड़छाड़ कर रहे है और उसमें नोजल, पाइप आदि सामान नकली लगा दे रहे है|

निशुल्क सर्विसिंग के नाम पर बदले जा रहे उपकरणों को बदलने के नाम पर रुपया वसूला जा रहा है|
बताते चलें कि गरुड़ क्षेत्र में इंडेेन गैस के कर्मचारी बनकर कुछ लोग गैस चूल्हा सर्विसिंग के लिए गांव-गांव घूम रहे हैं| स्वयं को इंडेन गैस कर्मचारी बताकर प्रत्येक गैस चूल्हा देखने की बात कह रहे हैं| सर्विसिंग निशुल्क करने की बात कहकर उपभोक्ताओं के चूल्हे में उपकरण खराब होने कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की बात कहकर डरा रहे है| लोग इन्हें असली इंडेन गैस कर्मचारी मानकर भय से उपकरण बदल रहे है|
गैस प्रबंधन केएमवीएन प्रकाश पंत ने कहा कि, ‘केएमवीएन जब चूल्हे की चेकिंग करवाता है, तब स्वयं उपभोक्ताओं से संपर्क करता है| वर्तमान में कंपनी द्वारा किसी को घरेलू गैस चेकिंग करने को अधिकृत नहीं किया गया है| लोग झांसे में ना आए गैस एजेंसी से संपर्क करें|’