
अल्मोड़ा स्थित प्रसिद्ध ढोल आश्रम की फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर लोगों से हजारों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है|
पुलिस ने आश्रम प्रबंधन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है|
पुलिस के अनुसार श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम ट्रस्ट कनरा ढोल आश्रम के प्रबंधक स्वामी कपिलानंद ने मामले की तहरी सौंपी है| उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने आश्रम की फर्जी वेबसाइट बनाकर आश्रम में कमरे की ऑनलाइन बुकिंग की| जब दिल्ली, यूपी सहित देश के विभिन्न लोगों ने पूछताछ के लिए आश्रम प्रबंधन से संपर्क किया तो मामले का पता चला| कई लोगों से ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर पैसों की ठगी की गई है| ऐसे में आश्रम की छवि भी धूमिल हो रही है| आश्रम की तरफ से कोई धन नहीं लिया जाता|
थाना अध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के मुताबिक, उनकी तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है| मामले की जांच शुरू कर दी गई है|
