
हरिद्वार| अग्निपथ योजना को लेकर देश भर में हो रहे विरोध के बीच रामदेव बाबा ने अपना बयान देते हुए कहा कि जिन्हें विरोध करना है वह करें| लेकिन, अहिंसक तरीके से करें| बाबा रामदेव ने कहा कि सेवा चाहे 1 दिन की मिले या 4 साल मिले या 5 साल की मिले, देश के बुद्धिजीवी लोगों की राय उस पर आ चुकी है| विरोध के सुर सत्ता के कानों तक पहुंच चुके हैं| मुझे लगता है कि धीरज रखने की आवश्यकता है| इसका कुछ ना कुछ तो समाधान अवश्य निकलेगा| सभी को थोड़ा शांति रखनी चाहिए| उन्होंने कहा कि सभी योग पथ पर चले| योग पथ पर चलकर जो विरोध भी करता है वह अहिंसक होता है| अहिंसक धर्म ,अहिंसक राजनीति, अहिंसक आंदोलन अहिंसक व्यापार होना चाहिए| अग्निपथ योजना पर जो भी बदलाव होगा सरकार कर रही है और करेगी| आग लगाने से, ट्रेन फूटने से देश का नुकसान होता है| यह राष्ट्रीय संपत्ति का नुकसान आत्मघाती है| उन्होंने कहा कि यह किसी भी युवा को नहीं करना चाहिए| मिलिट्री में रहकर आप देश की सेवा करना चाहते हैं| लेकिन, देश फूंककर देश की सेवा कैसे करेंगे|
