बड़ी खबर -: पेड़ पर लटके मिले युवक-युवती के क्षत-विक्षत शव, मचा हड़कंप

हरिद्वार| रविवार देर रात सिडकुल क्षेत्र में एक युवक और युवती के शव पेड़ पर लटके मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है| शव पूरी तरह क्षत-विक्षत है| जिससे यह माना जा रहा है कि शव कई दिन से लटके हुए थे| दोनों ने आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या की गई इस बात की जांच की जा रही है| पुलिस छानबीन में जुटी है|


पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 बजे एक सब्जी वाले ने सिडकुल थाने में सूचना दी कि डैंसो चौक के पास पेड़ पर दो शव लटके हुए हैं| सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सिडकुल प्रमोद उनियाल मौके पर वहां पहुंचे| घना अंधेरा होने के कारण पुलिस ने पहले रोशनी की व्यवस्था की और उसके बाद कुछ पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासियों की मदद से शव को उतारा| दोनों शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे| जिससे साफ है कि कई दिन पहले उनकी मौत हुई है| मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया| शव की हालत इतनी खराब है कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है| जिस स्थान पर शव पेड़ पर लटके मिले हैं| वह आबादी से अलग है| इसी कारण इस बारे में कई दिन बाद पता चल पाया है| युवक-युवती को प्रेमी जोड़ा बताया जा रहा है| आत्महत्या है या हत्या अभी यह पता नहीं चल पाया है|