बड़ी खबर -: कुमाऊं के इस जिले में घर के अंदर मां और 3 बच्चों के सड़े गले शव मिलने से मचा हड़कंप

बागेश्वर| जिले के नजदीक जोशीगांव में एक मकान में एक विवाहित और उसके तीन बच्चों के सड़े-गले शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है|


मृतकों में एक 5-6 महीने का बच्चा भी है| इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है| पुलिस इस मामले को प्रथम दृश्य खुदकुशी मान रही है क्योंकि घर का दरवाजा अंदर से बंद था|


बताते चलें कि बृहस्पतिवार शाम पुलिस को जिला मुख्यालय से साढ़े 4 किमी दूर जोशीगांव में एक मकान से बदबू आने और दरवाजे अंदर से बंद होने की सूचना मिली| मौके पर पुलिस वहां पहुंची और पड़ताल में पता चला कि मकान में कपकोट के भनार गांव के मूल निवासी भूपाल राम का परिवार रहता था| घर के अंदर भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी (40 वर्ष), पुत्री अंजली (14) , पुत्र कृष्णा (8 वर्ष), पुत्र भास्कर 5-6 माह के शव होने की पुष्टि हुई| शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है|
सीईओ अंकित कंडारी के मुताबिक, शव पर कहीं किसी तरह की चोट के निशान नहीं है| शव कई दिन पुराने होने की आशंका जताई जा रही है| वहीं, भूपालराम कई महीने से लापता बताया जा रहा है|


बताते चलें कि भूपाल का मकान गांव के अन्य घरों से दूर था| 2 साल पहले यह मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया था| गांव के अन्य मकानों से करीब 100 मीटर की दूरी पर होने से इस मकान की ओर गांव के लोगों की आवाजाही कम थी| जब बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोग इस मकान के पास से गुजरे तो उनको बदबू महसूस हुई| जब इसकी चर्चा पूरे गांव में हुई तो ग्रामीण मौके पर वहां पहुंचे और घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे| कमरों से बदबू आ रही थी| इस बात की सूचना लोगों ने पुलिस को दी और जब पुलिस पहुंची तो घर में 3 बच्चों समेत चार शव बरामद हुए|
वहीं, भूपाल राम अभी भी फरार है| पुलिस का कहना है कि भूपाल के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज है| गिरफ्तारी के डर से वह घर से फरार रहता था लेकिन कभी-कभी वह पुलिस से बचकर घर आता था| पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी| भूपाल ने कई लोगों से ठगी भी की है| अभी भी वह फरार चल रहा है|