बड़ी खबर -: विजिलेंस अधिकारी को 50 लाख की रिश्वत देने के आरोप में पूर्व मंत्री गिरफ्तार

पंजाब| अपने खिलाफ चल रही जांच में खुद को घिरता देख विजिलेंस अधिकारी को ही 50 लाख रिश्वत देने के आरोप में पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है| उन्हें देर रात जीरकपुर से पकड़ा गया और उनके खिलाफ अधिकारी को रिश्वत देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है| उनके पीए समेत कई अन्य लोग भी विजिलेंस की नजर में आ गए हैं| प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजिलेंस प्रमुख ने पूरे मामले का खुलासा किया| अरोड़ा को आज अदालत में पेश किया जाएगा|


बताते चलें कि कुछ समय से विजिलेंस ब्यूरो पूर्व मंत्री के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति समेत तीन मामलों की जांच कर रही थी| विजिलेंस की टीम उन्हें दो बार पहले पूछताछ के लिए बुला चुकी है| इसी बीच जब मंत्री को लगा कि वह केस में जेल जा सकते हैं तो उन्होंने मामले की जांच कर रहे एआईजी मनमोहन सिंह को ही रिश्वत देने की योजना बना डाली| उन्होंने अधिकारी को एक करोड़ रिश्वत देने का ऑफर दिया और कहा कि वे उनके घर पैसे लेकर आएंगे| अधिकारी ने यह बात अपने सीनियर अधिकारियों को बताई| मामला तुरंत मुख्यमंत्री तक पहुंच गया| इसके बाद ट्रैप लगाकर आरोपी को गिरफ्तार करने की योजना बनाई गई| पूर्व मंत्री को जीरकपुर स्थित कॉस्मो मॉल के पास बुलाया गया| जहां पर वह 50 लाख रुपया लेकर पहुंचे| उसी समय विजिलेंस ने उनकी गिरफ्तारी कर डाली| इस दौरान 2 सरकारी गवाह भी बनाए गए| केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है|
विजिलेंस का कहना है कि वह सोच भी नहीं सकते थे कि आरोपी इस तरह का काम करेंगे|