
पंजाब के मोहाली में फेज-8 स्थित दशहरा ग्राउंड में लगे मोहाली ट्रेड फेयर मेले के दौरान ड्राप टावर झूला टूटने से उसमें सवार 50 लोग घायल हो गए| करीब 50 मीटर ऊंचाई से झूला टूट कर जमीन पर गिरने की सूचना है|
झूला टूटने के बाद उपस्थित लोगों में भगदड़ मच गई| हालांकि भगदड़ में कोई जख्मी नहीं हुआ| हादसे के बाद घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है| झूला टूटने की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है|
बताते चलें कि घटना बीती रात करीब 9 बजे की है| जब ड्रॉप टावर झूला काफी तेज चल रहा था| तकनीकी खराबी के कारण अचानक वह अपना संतुलन खो बैठा और काफी तेज गति से नीचे आकर गिर गया| हादसे में महिला व बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए| उनके मुंह व कान से खून बहने लगा| मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अपनी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया| मौके पर पुलिस भी पहुंची और राहत अभियान में जुट गई|
