फिजूलखर्ची पर रोक -: सरकारी कार्यक्रम अब होटल में नहीं, पढ़ें पूरी खबर

देहरादून| फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के लिए सीएम धामी ने देहरादून में होने वाले सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन होटल और निजी स्थानों पर करने पर रोक लगा दी| सीएम ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार के सभी कार्यक्रम सीएम कैंप ऑफिस के मुख्य सेवक सदन में आयोजित किए जाए| इसे जिला स्तर पर भी लागू करने को कहा गया है| सीएम धामी के इस फैसले को आर्थिक अनुशासन की ओर बढ़ते कदम की तरफ देखा जा सकता है| बताते चलें कि कुछ समय से विभागीय कार्यक्रमों को होटल या निजी समारोह स्थलों में करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है| पहले विभाग के भवन की बजाय होटल अधिकारियों की पसंद बनते जा रहे थे| जबकि सीएम के ज्यादातर कार्यक्रम उनके कैंट रोड स्थित आवास के मुख्य सेवक सदन में हो रहे हैं| सरकारी योजना पर बढ़ता अनावश्यक खर्च सीएम को कई दिनों से खटक रहा था| शनिवार दोपहर उन्होंने मुख्य सचिव को इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए| बताते चलें कि राजधानी के होटलों में 1 दिन के कार्यक्रम के आयोजन पर डेढ़ से 2 लाख तक न्यूनतम खर्च आता है| वर्तमान प्रक्रिया के तहत होटल का खर्च खाने की प्लेट के आधार पर तय होता है|
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, सरकारी खर्च को कम करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है| मैंने राजधानी में होटल या अन्य निजी स्थानों पर आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों को मुख्य सेवक सदन में आयोजित किए जाने के लिए मुख्य सचिव को निर्देशित कर दिया है| साथ ही सभी जनपदों में भी यही कार्य प्रणाली लागू करने के लिए कहा है|