बागेश्वर:-सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित…डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित व विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान

बागेश्वर। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। हर वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “स्मार्ट टेक, सेफ चॉइस – एक्सप्लोरिंग द सेफ एंड रिस्पांसिबल यूज ऑफ एआई” रही।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग पूरी सतर्कता और समझदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रयोग करते समय गोपनीयता, सुरक्षा और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने बच्चों को शिक्षा में एआई का सकारात्मक उपयोग करने तथा अज्ञात नंबरों से आने वाली कॉल को रिसीव न करने की भी सलाह दी।
कार्यशाला में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को लेकर बताया गया कि आज इंटरनेट का उपयोग ई-शॉपिंग, डिजिटल पेमेंट, ई-लर्निंग, सोशल मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक रूप से हो रहा है, ऐसे में सतर्कता और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एकता बोरा ने मजबूत और यूनिक पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्षम करने तथा संदेहास्पद लिंक और लालच भरे संदेशों से बचने के साथ ही बच्चों के लिए सेफसर्च पैरेंटल कंट्रोल टूल्स जैसे विकल्पों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply