बागेश्वर: -राजस्व लोक अदालत में 62 वादों का त्वरित निस्तारण….वादकारियों को मिली राहत

बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में शनिवार को कलेक्ट्रेट सहित समस्त राजस्व न्यायालयों में राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें त्वरित और सरल न्याय की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। लोक अदालत के दौरान कुल 75 वाद सुनवाई हेतु प्रस्तुत हुए, जिनमें से 62 वादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय बागेश्वर में 4 वादों का निस्तारण किया। वहीं उप जिलाधिकारी न्यायालयों में बागेश्वर में 9, गरुड़ में 12 तथा कपकोट में 25 वादों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील स्तर पर तहसीलदार बागेश्वर द्वारा 1, कपकोट में 7 तथा गरुड़ में 4 वादों का समाधान किया गया।
राजस्व लोक अदालत के माध्यम से वादों का निस्तारण आपसी सहमति, सरल प्रक्रिया और त्वरित सुनवाई के आधार पर किया गया, जिससे वादकारियों को शीघ्र न्याय प्राप्त हुआ। इस पहल से न केवल लोगों को राहत मिली है, बल्कि न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या में भी कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply