बागेश्वर – बोर्ड परीक्षा अवधि में गरुड़ क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू

बागेश्वर । उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएँ 21 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस अवधि में गरुड़ क्षेत्र के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
परगना मजिस्ट्रेट गरुड़ वैभव कांडपाल ने बताया कि परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु यह व्यवस्था परीक्षा समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा केंद्रों में या उसके आसपास किसी भी व्यक्ति द्वारा अस्त्र-शस्त्र, आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार, लाठी-डंडा, चाकू, हॉकी, खुखरी, तलवार, पटाखे, बम, ज्वलनशील पदार्थ अथवा किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक सामग्री लाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में जुलूस, भाषण, उत्तेजनात्मक नारेबाजी तथा पाँच या अधिक व्यक्तियों का अनावश्यक रूप से एकत्र होना प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षाएँ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

Leave a Reply