बागेश्वर:- कैटरपिलर का शिकार बन रही है हरी सब्जियां…. किसानों को सरकारी मदद का इंतजार

उत्तराखंड राज्य के बागेश्वर जिले में हरी सब्जियां सुरक्षित रूप से मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही है। बता दें कि सूअर, बंदर और गुलदार के बाद कैटरपिलर ने किसानों को परेशान करके रखा है और हरी सब्जियों को कैटरपिलर से नुकसान पहुंच रहा है।

कीट का रंग सब्जी की तरह हरा होने के कारण किसान अनुमान नहीं लगा पा रहे हैं जिसके कारण हरी सब्जियां बाजार में नहीं पहुंच रही है और किसानों को सरकारी मदद का इंतजार है। बता दे कि बागेश्वर जिले में बंदर और सुअर फसलों को काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं लेकिन अब कैटरपिलर एक नई समस्या के रूप में सामने आया है। पहले इसमें पत्तियां गायब हो रही है और उसके बाद हरी सब्जियां खराब हो रही हैं।

इस कीट से बचने के लिए किसान गोमूत्र का उपयोग कर रहे हैं मगर उससे भी कोई लाभ नहीं मिल रहा है। बागेश्वर जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह के मुताबिक कैटरपिलर की शिकायत कई क्षेत्रों से आ रही है और इस संबंध में सभी किसानों को जागरूक करने के आदेश दिए गए हैं तथा प्रत्येक केंद्रों को रसायन भी उपलब्ध करा दिया गया है।