
बागेश्वर । कलेक्ट्रेट सभागार बागेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनता दरबार के दौरान पेयजल, विद्युत, आपदा राहत, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों में कॉलिंग प्रतिशत कम पाया गया, उन्हें चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान ‘हेलो बागेश्वर’ पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित जनहित से जुड़े समाचारों के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।इस दौरान समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

