बागेश्वर:- उपचुनाव को लेकर तेजी से चल रहा है चुनाव प्रचार….. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गरुड़ में डालेंगे डेरा

उत्तराखंड राज्य के बागेश्वर में आरक्षित विधानसभा सीट को लेकर होने वाले उपचुनाव हेतु कांग्रेस और भाजपा दोनों ने काफी तेजी से प्रचार करना शुरू कर दिया है। भाजपा सरकार व संगठन लगातार जनता के सामने पार्टी के द्वारा किए गए विकास कार्यों को रख रहे हैं और वहीं कांग्रेस भी गांव-गांव में जाकर प्रचार के लिए जुट चुकी है। अभी तक किसी भी पार्टी की तरफ से घोषणा पत्र नहीं आया है।

वोटर भी गांव में वोट मांगने वालों से सवाल करने में पीछे नहीं है। बता दे कि इस चुनाव को लेकर 5 सितंबर को मतदान होना है वहीं दूसरी तरफ राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसी सप्ताह गरुड़ में डेरा डालने जा रहे हैं और बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री तीन दिन तक यहां पर रहेंगे। कांग्रेस की तरफ से भी गांव में प्रचार किया जा रहा है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी आदि मुद्दों को कांग्रेस जनता के सामने उठा रही है। हालांकि अभी तक कांग्रेस का भी घोषणा पत्र जारी नहीं हुआ है और मतदान के लिए उल्टी गिनती प्रारंभ हो चुकी है।