
बागेश्वर । जनपद में संचालित ग्राम्य विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा हेतु मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी विकासखंडों से खंड विकास अधिकारी एवं मनरेगा कार्मिक वर्चुअल रूप से जुड़े रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने मनरेगा के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न मानकों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मार्च माह तक सभी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने मनरेगा को विकसित भारत–जी राम जी योजना में प्रभावी रूप से ट्रांजिशन करने, न्यूनतम नए कार्य प्रारंभ करने तथा वर्तमान में संचालित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम 2025 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस अधिनियम के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी, पारदर्शी भुगतान व्यवस्था तथा पंचायत आधारित योजना निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक इस अधिनियम की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाई जाए और ग्रामीणों को तथ्यों से अवगत कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण जनता से अपील की कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित बैठकों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ग्राम स्तर पर “भ्रम बनाम तथ्य संवाद”, “अधिकार संरक्षण संकल्प दिवस” और “श्रमिक सम्मान” जैसे साप्ताहिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों में रोजगार अधिकारों के प्रति जागरूकता एवं विश्वास बढ़ाना है, ताकि आत्मनिर्भर और विकसित गांव की परिकल्पना साकार हो सके।
बैठक में जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या सहित समस्त विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी एवं मनरेगा कार्मिक वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

