
बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने और युवाओं को नशे से दूर कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिले में नशा मुक्ति केंद्र का निर्माण कराया जायेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में शासन द्वारा बागेश्वर के ठेला पाटन क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र के निर्माण हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस केंद्र के निर्माण पर कुल ₹497.62 लाख (लगभग ₹4.97 करोड़) की लागत आएगी। परियोजना की महत्ता को देखते हुए शासन द्वारा प्रथम चरण में ₹199.048 लाख की धनराशि भी अवमुक्त कर दी गई है, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। प्र. समाज कल्याण अधिकारी हेम चंद तिवारी ने कहा कि यह नशा मुक्ति केंद्र जनपद में नशे के खिलाफ युद्ध अभियान को मजबूत करेगा तथा नशे से प्रभावित लोगों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास के लिए एक सुदृढ़ संस्थागत व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि जनपद के लोगों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

