बागेश्वर:- जनपद के होराली व बदियाकोट में 52 शिकायतें दर्ज, 40 का मौके पर समाधान, 530 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

बागेश्वर । प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जनपद बागेश्वर की न्याय पंचायत होराली एवं बदियाकोट में बहुउद्देशीय शिविरों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय होराली में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, जबकि इंटर कॉलेज बदियाकोट में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल द्वारा की गई। शिविरों के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
शिविरों में दूर-दराज क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, जंगली जानवरों से फसल क्षति, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याएं रखीं। प्राप्त 52 शिकायतों में से 40 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बहुउद्देशीय शिविरों में कुल 530 ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। राजस्व विभाग, खाद्य आपूर्ति, कृषि, उद्यान, पशुपालन, यूपीसीएल, कौशल विकास एवं सेवायोजन, बाल विकास, पंचायती राज, वन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए, कृषि एवं उद्यान से संबंधित उपकरणों की जानकारी दी गई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिविर नोडल अधिकारी पी.सी. गोस्वामी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे न्याय पंचायत स्तर पर आम जनता तक पहुंच रही हैं। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है।

मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी ने बताया कि 17 दिसंबर से प्रारंभ ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में अब तक 42 बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों में 24,612 नागरिकों ने सहभागिता की है। कुल 1,290 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 695 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष पर नियमानुसार कार्यवाही प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 1,740 विभिन्न प्रमाण पत्र भी मौके पर ही बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सेवाएं सीधे उनके गांव तक पहुँचें।

Leave a Reply