बागेश्वर- बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने स्कूलों में उतरेंगे 100 अधिकारी

बागेश्वर । आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं के मन से परीक्षा का भय दूर करने और उनमें आत्मविश्वास जगाने के लिए बागेश्वर जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की गई है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देशन में जिले के 100 वरिष्ठ अधिकारी अब “गुरु” की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल के अंतर्गत विभिन्न विभागों के 100 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी 11 फरवरी को जिले के राजकीय विद्यालयों में जाकर बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें प्रेरणादायक सुझाव देंगे।
जिलाधिकारी का मानना है कि जब जिले के जिम्मेदार अधिकारी सीधे विद्यार्थियों के बीच जाकर अपने अनुभव साझा करेंगे, तो इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान होने वाले मानसिक तनाव से बचाना और सकारात्मक सोच विकसित करना है। अधिकारी बच्चों को समय प्रबंधन, कठिन विषयों की तैयारी की प्रभावी रणनीति, लक्ष्य निर्धारण, एकाग्रता बनाए रखने तथा परीक्षा संबंधी व्यावहारिक सुझावों के बारे में मार्गदर्शन देंगे। अधिकारियों का यह मार्गदर्शन न केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक रूप से सुदृढ़ बनाएगा, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए एक बेहतर दृष्टिकोण विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply