विधानसभा चुनाव 2022 -: चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन जारी, कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने के साथ दी गई यह छूट

नई दिल्ली| कोविड-19 के कारण पांच राज्यों में चुनावी प्रचार पर लगे प्रतिबंधों में शनिवार को चुनाव आयोग ने कुछ और राहत देने का ऐलान किया| हालांकि उत्तराखंड व गोवा में चुनावी शोर थम चुका है| इसके अलावा यूपी की 55 सीटों पर चुनावी शोर थम चुका है| आयोग ने सीमित संख्या में लोगों के साथ पदयात्राओं की अनुमति दे दी| इसके अलावा उम्मीदवारों और पार्टियों को प्रचार के लिए 1 दिन में और 4 घंटे का समय मिलेगा| लेकिन चुनाव आयोग ने साफ किया है कि इस दौरान सभी को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा|


आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार चुनाव प्रचार अब सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे के बीच किया जा सकता है| इससे पहले सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक ही प्रचार करने की इजाजत थी| चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा है कि ‘केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड-19 की जमीनी स्थिति में काफी सुधार हुआ है देश में संक्रमण के मामले तेजी से घट रहे हैं रिपोर्ट दिए गए मामलों में भी गैर चुनाव वाले राज्यों से सबसे अधिक मामले सामने आए हैं| चुनावी राज्य में कोविड के मामले देश में कुल रिपोर्ट किए गए मामलों का एक बहुत छोटा अनुपात है| इसके अलावा राजनीतिक दल और उम्मीदवार निर्धारित खुले स्थानों की क्षमता की अधिकतम 50 फ़ीसदी या राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा निर्धारित सीमा, जो भी कम हो, के साथ बहार प्रचार कर सकते हैं| अभी तक सभा व रैलियों जैसे आयोजनों की सीमा खुली जगह या मैदान की क्षमता का 30% थी|