
अल्मोड़ा| जिले में खुरपका मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए शनिवार से पशुओं का टीकाकरण शुरू हो गया है| पहले दिन अलग-अलग ब्लॉकों में 350 पशुओं को टीका लगाया गया| जिले भर में 2 लाख पशुओं का टीकाकरण का लक्ष्य है| टीकाकरण के प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ एस. गबर्याल, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आरए दीक्षित और डॉक्टर प्रीतम सिंह ने अभियान का शुभारंभ किया|
बताते चलें कि जिले में बड़ी संख्या में लोग पशु पालते हैं| कई लोगों की मुख्य आय का जरिया भी पशुपालन ही है| ऐसे में जानवरों को होने वाले खतरनाक रोग खुरपका मुंहपका से कई बार पशुपालकों को नुकसान झेलना पड़ता है| विभाग की ओर से 25 जुलाई तक टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है| जिसका शनिवार से शुभारंभ हो गया है| पहले दिन 137 पशुपालकों के 350 जानवरों को टीका लगाया गया|
