
अल्मोड़ा। जिले के द्वाराहाट क्षेत्र के पांच गांवो में बीते 7 दिन से नलकूप सूखे हुए हैं जिससे स्थानीय लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है और जिले में जल संकट गहराने लगा है।
द्वाराहाट ब्लॉक की बड़ी आबादी वाले पांच से अधिक गांवो में बीते एक सप्ताह से लाइन में खराबी के कारण जलापूर्ति नहीं हो पा रही है और इन गांवों के 4000 लोग प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोकर अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं। द्वाराहाट विकासखंड के सिमलगांव, गोदी समेत आदि में पेयजल योजना की लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिससे जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। बीते एक सप्ताह से यह लाइन खराब है मगर इसे अब तक ठीक नहीं किया गया और गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।पानी न मिलने के कारण ग्रामीणों में काफी आक्रोश है उनका कहना है कि जल जीवन मिशन योजना के तहत पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के दावे पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं लेकिन उन्हें पानी फिर भी नसीब नहीं हो रहा है। इस मामले में एसडीएम को ज्ञापन देते हुए ग्रामीणों ने जलापूर्ति सुचारू करने की मांग की है।

