अल्मोड़ा:- जिले में इस दिन से आयोजित होगी राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता

अल्मोड़ा जिले में राज्य स्तरीय ओपन योग प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले हैं। बता दें कि जिले में यह प्रतियोगिता आगामी 3 से 5 जून 2023 तक आयोजित होगी और इस प्रतियोगिता के संबंध में योग निलय संस्थान की ओर से आयोजित बैठक के दौरान चर्चा की गई। संस्थान के निदेशक डॉ प्रेम प्रकाश पांडे द्वारा बताया गया कि योग प्रतियोगिता के तहत 5 से 9 वर्ष की आयु वर्ग के बालक बालिका, अंडर 14,18,28 आयु वर्ग में सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और अंडर 35,45, 55 आयु वर्ग में महिला, पुरुष की प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार के रूप में ₹3100 प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी एवं उनका अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन भी किया जाएगा।