
अल्मोड़ा। जिले के सल्ट से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां पर पेयजल योजना टैंक का निर्माण कर रहे ठेकेदार को बंधक बनाया गया। बता दे कि एक स्थानीय व्यक्ति ने ठेकेदार पर रिवाल्वर तानी और उसे बंधक बनाकर खूब पीटा।
इसके अलावा साइट इंचार्ज इंजीनियर की भी पिटाई की गई और बाद में आरोपित व्यक्ति ठेकेदार के हाथ- पैर बांधकर उसे अपने घर ले गया और घंटो तक उसे बंधक बनाए रखा। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में ग्राम चिल्किया रामनगर नैनीताल निवासी मोहम्मद सादिक ने तहरीर दी है और कहा है कि वह रविवार की देर रात को मल्ला मानिला मंदिर में पेयजल योजना के टैंक निर्माण के लिए अपनी जेसीबी से खुदाई कर रहा था इसी बीच प्रताप सिंह रावत निवासी मानिला अपनी कार से मौके पर पहुंचा और डंडे से उसकी खूब पिटाई कर दी। साइट इंजीनियर अभिषेक सिंह बुटोला की भी पिटाई की। मारपीट के बाद हमलावर ठेकेदार को बांधकर अपने घर ले गया और देर रात को उसे मुक्त किया। इस घटना में उसका हाथ भी फैक्चर हो गया है और उसे पर जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है।

