अल्मोड़ा:- रा. इ. का.नाई में हुआ ‘मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता’ विषय संगोष्ठी का आयोजन

अल्मोड़ा। रा. इ. का.नाई, अल्मोड़ा में गैर सरकारी संस्था ‘सोच’ एवं यूथ एवं ईको क्लब, नाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता’ विषयक वैज्ञानिक व सामाजिक जनजागरूकता
संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मासिक धर्म के प्रति नकारात्मक विचारों, कुरीतियों एवं कुप्रथाओं को दूर करने हेतु नवचेतना व जनजागृति का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ‘सोच’ संस्था के अध्यक्ष व समाजशास्त्र के शोधार्थी आशीष पंत ने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है। इस पर सभी को खुलकर बात करने और जागरूक होने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएँ आज भी माहवारी के दौरान कपड़े का प्रयोग करती हैं। माहवारी के दौरान लापरवाही से महिलाओं में कैंसर होने का खतरा रहता है। उन्होंने महिलाओं व छात्राओं से सिनेटरी पैड का प्रयोग करने का आह्वान किया ताकि बीमारियों से बचा जा सके। आशीष पंत ने अपने शोध व जागरूकता अभियान पर केंद्रित ब्लीडिंग राइट डाक्यूमेंट्री फिल्म भी विद्यार्थियों को दिखाई गई।
जागरूकता कार्यक्रम में ‘सोच’ संस्था के मयंक पंत ने संस्था के जन जागरूकता अभियानों पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि अपनी माँ, बहनों, बेटियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। संस्था की दीपाली भट्ट, प्रियंका सलाल और हिमांशी भंडारी ने छात्र-छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान किशोरियों के शरीर में होने वाले बदलावों, आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के विषय में जानकारी प्रदान की। उन्होंने सिनेटरी पैड के प्रयोग का तरीका भी छात्राओं को बताया। मनोविज्ञान की शोधार्थी गीतम भट्ट शर्मा ने मानसिक परिवर्तनों के विषय में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी और महिलाओं से माहवारी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में संस्था की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को सिनेटरी पैड भी वितरित किये गए। इस चेतना कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन विज्ञान शिक्षक अंकित जोशी ने किया।
कार्यक्रम में संस्था के राहुल जोशी, अभिषेक नेगी, रितिक नयाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार कठेरिया, रमेश सिंह रावत, गणेश चंद्र शर्मा, डॉ. पवनेश ठकुराठी, स्वयंदीप सिंह, नवल किशोर, अजरा परवीन, फरीद अहमद, सोनम आर्या, प्रदीप सिंह, वत्सला टोलिया, भूपेंद्र सिंह नयाल, कामेश कुमार, चंदन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह नयाल, ममता भंडारी, कोमल भंडारी, लता बिष्ट, सिमरन नयाल, हिमांशु सिंह, प्रेरणा बिष्ट, करन नयाल आदि समेत अनेक लोग मौजूद रहे।