
अल्मोड़ा में उद्यान विभाग की ओर से दिए जाने वाले पॉलीहाउस किसानों की आर्थिकी मजबूत कर रहे हैं| इस वित्तीय वर्ष में विभाग ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर 191 पॉलीहाउस आवंटित कर दिए हैं|
उद्यान विभाग के मुताबिक, 50 वर्ग मीटर के 67 और 30 वर्ग मीटर के 124 पॉलीहाउस किसानों के खेतों में स्थापित किए गए हैं| इनमें सब्जी उत्पादन के साथ-साथ फूलों की खेती की जाती है| किसान पॉलीहाउस में खेती के प्रति आकर्षित हो रहे हैं| पॉलीहाउस स्थापित करने के लिए किसानों को 80% अनुदान भी दिया गया है| लमगड़ा, सोमेश्वर, हवालबाग सहित अन्य हिस्सों में किसान पॉलीहाउस में आलू, फ्रास बीन, मटर, टमाटर समेत विभिन्न सब्जियों के साथ लीलियम, गुलाब आदि फूलों की खेती कर रहे हैं|
दरअसल, जिले में बंदरों, सुअरों का आतंक बढ़ने से किसानों के लिए परंपरागत खेती करने में मुश्किल हो रही है| ऐसे में किसान परंपरागत खेती के बजाय पॉलीहाउस की खेती को अपना रहे हैं, जो लाभदायक सिद्ध हो रही है| पॉलीहाउस में बेहतर उत्पादन के साथ बागवानी को जंगली जानवरों से भी बचाया जा सकता है|
