
अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट में दीपावली के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए थाना द्वाराहाट पुलिस द्वारा व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन सहित सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बीते सोमवार को बैठक की गई। इस दौरान क्षेत्र में कोई भी अराजकता न फैले इसलिए थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं अन्य बैठक में शामिल लोगों से अपील करते हुए कहा गया कि वे लोग पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि आतिशबाजी की दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित शीतलापुष्कर मैदान में लगाई जाएगी। इसके अलावा धनतेरस और दीपावली के दिन टैक्सी मुख्य बाजार के बजाय चिन्हित स्थानों पर लगाई जाएंगी। साथ में उन्होंने पुलिस स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुए उन्हें शांति व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि क्षेत्र में त्योहारी सीजन के दौरान कोई भी अराजकता देखने को ना मिले।थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट द्वारा ली गई बैठक में टैक्सी यूनियन ,व्यापार संघ, नगर पंचायत, सभासद सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

