अल्मोड़ा:- 14 वर्षीय बच्चे पर झपटा तेंदुआ…… पिता ने किया यह काम

अल्मोड़ा। इन दिनों पहाड़ों में लगातार तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। अल्मोड़ा के कई गांवो से तेंदुए की दहशत की खबरें भी सामने आ रही हैं। बता दें कि अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक ग्राम राणाऊ में पान सिंह बगड़वाल का 14 वर्षीय बेटा आनंद सिंह बगड़वाल अपने घर के आंगन में बने शौचालय में गया था। उसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया। तेंदुए ने इस दौरान 14 वर्षीय आनंद की पीठ और हाथ पर पंजा मार दिया। तभी बच्चे को बचाने के लिए पिता पान सिंह दौड़ पड़े और अपनी जान पर खेलकर उन्होंने अपने बच्चे को तेंदुए से लड़कर बचा लिया। इस घटना के बाद आनंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

इस हमले के दौरान बच्चे को अंदरूनी चोटें भी आई हैं। तेंदुए के द्वारा किए गए इस आक्रमण के बाद वन विभाग को भी इस बारे में सूचित किया गया। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी आनंद बल्लभ पाठक मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना का जायजा लिया।इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें वन विभाग जल्द ही तेंदुए के आतंक से निजात दिलाएं। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की गई है।