अल्मोड़ा -: यहां नहाने गया किशोर नदी में बहा, खोजबीन जारी, नदी का तेज बहाव बढ़ा रहा मुश्किलें

अल्मोड़ा| धौलछीना के सेराघाट में नहाने के लिए गए किशोर की सरयू नदी के तेज बहाव में बहने की सूचना मिली है| किशोर का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है| खोजबीन की जा रही है| पुलिस उसकी खोजबीन में अभी भी जुटी हुई है, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पा रहा है|


विकासखंड के कुंजा गांव के तोक लछना, शौकियाथल निवासी 17 वर्षीय मनोज सिंह बिष्ट बीते शनिवार को आरतोला से अपने एक परिचित डंपर चालक के साथ सेराघाट की जिंगल गांव रेत लेने पहुंचा, यहां पहुंचने के बाद वह कपड़े उतारकर नहाने सरयू नदी में कूदा तो पानी के तेज बहाव में बहने लगा| उसे आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और कुछ देर बाद ही वह आंखों से ओझल हो गया| सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की लेकिन उन्हें सफलता न मिली| किशोर की खोजबीन जारी है, नदी के तेज बहाव के चलते अभियान में दिक्कतें झेलनी पड़ रही है|