अल्मोड़ा:- कोसी तक सीमित डिलीवरी व्यवस्था खत्म…..कनलबुंगा–पातलीबड़ में KholtaGBS_SCC हब का शुभारंभ, अब 263636–263643 क्षेत्र में घर-घर पहुंचेगा पार्सल

अल्मोड़ा, संवाददाता।
अल्मोड़ा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही डिलीवरी अव्यवस्था को दूर करते हुए कनलबुंगा–पातलीबगड़ (पिन कोड 263636–263643) में KholtaGBS_SCC हब का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। इस पहल से अब क्षेत्रवासियों को अपने पार्सल लेने के लिए कोसी बाजार नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि डिलीवरी सीधे उनके घर तक पहुंचेगी।

वर्षों से बनी हुई थी समस्या-

अब तक कई निजी डिलीवरी कंपनियां अल्मोड़ा से पार्सल केवल कोसी बाजार तक ही पहुंचाती थीं और ग्राहकों को वहीं से पार्सल लेने के लिए कहा जाता था। इस व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को आर्थिक व समय की हानि उठानी पड़ती थी। कई मामलों में पार्सल गुम होने या क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें भी सामने आईं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष रूप से असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।

स्थानीय पहल से मिला समाधान

263636 निवासी विकाश सिंह फर्त्याल ने क्षेत्र की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी उठाई। अपनी टीम—गौरव बिष्ट, कृष्णा भंडारी और गोकुल फर्त्याल के साथ लगातार प्रयासों, संवाद और समन्वय के बाद क्षेत्र में हब स्थापित करवाने में सफलता प्राप्त की।

इस कार्य में पूर्व प्रधान प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल तथा सहयोगी विजय फर्त्याल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ-

नवस्थापित हब के माध्यम से इटोला, मेहतगांव, कनलबुंगा, पातलीबगर, गुरकांडे, भनरगांव, नकोट, उसकोना, बरसीमी, बे-गागिल, कसून, खानून, सिनरकोट, भगतोला, नेनोली, सकर, सकनियाकोट, भियौगाड़, तिलोरा, ग्वालाकोट, ज्योला, डाडिमखोला सहित आसपास के सभी गांवों को सीधी डिलीवरी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

Shadowfax ने की शुरुआत, अन्य कंपनियों से भी उम्मीद

डिलीवरी कंपनी Shadowfax पहली ऐसी कंपनी बनी है जिसने क्षेत्रवासियों की मांग को स्वीकार करते हुए यहां से सेवा प्रारंभ की। हालांकि अभी भी कुछ बड़ी कंपनियां जैसे ई-कार्ट, डिलेवरी और लोडशेयर द्वारा पूर्ण रूप से संतोषजनक सेवा नहीं दी जा रही है। संबंधित कंपनियों तक भी क्षेत्र की मांग पहुंचाने के प्रयास जारी हैं, ताकि भविष्य में सभी कंपनियां समान रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सेवा प्रदान करें।

“रोजगार और पलायन रोकना है लक्ष्य”

इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल ने कहा,

“हम क्षेत्र के हित में ऐसे कार्य निरंतर करते रहेंगे जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिले। हमारा उद्देश्य है कि क्षेत्रवासियों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलें और पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोका जा सके।”

क्षेत्र के नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास और सुविधा विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply