
अल्मोड़ा के सोमेश्वर में आज दिनांक 19 नवंबर 2022 को शनिवार के दिन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनता के सम्मुख बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के मुद्दे रखे। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज शनिवार को जिला अध्यक्ष पीतांबर पांडे के नेतृत्व में हुकुम सिंह बोरा स्मारक सोमेश्वर से शुरू हुई जो कि सोमेश्वर बाजार, जाल, अधूरिया से होते हुए 4 किलोमीटर की पैदल यात्रा चलकर शहीद स्मारक चनौदा में पहुंची। वहां पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं द्वारा शहीदों और दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी जयंती पर याद किया। साथ में कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रही हैं जिसमें ना सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता बल्कि जनता भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। इस दौरान उन्होंने काफी नारेबाजी भी की। बता दें कि इस यात्रा के दौरान जिला अध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री कृष्ण सिंह बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र बराकोटी ,पीसीसी सदस्य रमेश भाकुनी, ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन सिंह भंडारी, जिला महामंत्री बालम भाकुनी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजू भट्ट, दिनेश नेगी, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष रणजीत नयाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
