अल्मोड़ा:-जिले के 39 केंद्रो में परीक्षार्थी आज देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा

अल्मोड़ा। जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा हेतु 39 केंद्र बनाए गए हैं और इन केंद्रो में 9186 परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले हैं। इस परीक्षा के लिए सारी तैयारियां हो चुकी है और जिले भर में 30 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके इसके लिए बीते शनिवार को एडीएम सीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक की गई और एडीएम द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के लिए नामित सेक्टर अधिकारियों को परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए दिशा निर्देश भी दिए गए। साथ में उन्होंने यह भी कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट सौंपा गए परीक्षा केंद्र पर जाकर सभी व्यवस्थाओं को परख ले। परीक्षा केंद्र में बिजली, पानी आदि सभी सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए और परीक्षा के दौरान आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया जाए। जिले के अल्मोड़ा और रानीखेत में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और यहां परीक्षा 11:00 से 1:00 तक आयोजित की जाएगी।