
अल्मोड़ा| अल्मोड़ा नगर में बंदरों के आतंक से लोगों को निजात दिलाने के लिए एक बार फिर पालिका ने अभियान शुरू कर दिया है| हर साल पालिका यह अभियान शुरू करती है| सोमवार को पहले दिन अभियान में टीम ने आठ बंदरों को पकड़ा|
बंदरों को पकड़कर बंध्याकरण करने के लिए एनटीडी स्थित बंदरबाड़े में रखा गया है| जल्द ही पकड़े गए बंदरों को बंध्याकरण शुरू कर दिया जाएगा ताकि नगर में लोगों को बंदरों के आतंक से निजात मिल सके|
बताते चलें कि नगर में लगातार कटखने बंदरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है| बंदर लोगों पर हमला करके उन्हें घायल कर रहे हैं| खासकर बुजुर्गों और बच्चों का घर में अकेले बाहर निकलना मुश्किल हो गया है| ऐसे में कई बार लोग प्रशासन और नगर पालिका से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं| जिसके बाद अब सोमवार से एक बार फिर पालिका ने बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया है| जिसमें पहले दिन धार की तूनी में पिंजरा लगाकर 8 बंदर पकड़े गए जिन्हें रेस्क्यू कर एबीसी सेंटर एलटीडी में रखा गया है|
